- Advertisement -
Sukhwinder Sukhu : शिमला। क्या हिमाचल में संगठन है सीएम वीरभद्र सिंह के इस बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर सीएम के विधानसभा क्षेत्र शिमला ग्रामीण से नगर निगम की दो सीटें जीत जाते तो एमसी में कांग्रेस अपना मेयर बना लेती। साथ ही उन्होंने कहा कि हिमाचल में संगठन मजबूत है और इस बात को कांग्रेस के 24 एमएलए भी कह चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल में रामपुर व शिमला ग्रामीण को छोड़कर कहीं भी कोई कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़कर नहीं गया है। यहां पत्रकारों से सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अभी तक चार लोक सभा और भोरंज विधानसभा में जिनको भी टिकट दिए गए सीएम ने ही उनको आशीर्वाद दिया था। नगर निगम में सहमति बनाई। 12 की जगह 14 सीटें जीते। अगर सीएम वीरभद्र सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र से दो सीटें जीत जाते तो नगर निगम में कांग्रेस अपना मेयर बना लेती।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि संगठन गांव, बूथ में निवास करता है। हर जिला में संगठन की इकाइयां हैं। भीड़ जुटाने से संगठन नहीं बनता है। संगठन की शक्ति का प्रदर्शन चुनावों में पता लगेगा। सुक्खू ने कहा कि संगठन की कार्यप्रणाली का पता इस बात लगता है कि साढ़े चार साल में कोई भी ऐसा कार्यकर्ता पार्टी छोड़ कर नहीं गया है। एक दो लोगों को छोड़कर। जो दो लोग गए हैं, उनमें से एक रामपुर से बृजलाल व शिमला ग्रामीण से दो जिला परिषद सदस्य के गए हैं। इसके अलावा हिमाचल से कोई नहीं गया। हमीरपुर से दीपक के पार्टी छोड़ने पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के कोई महत्वपूर्ण पदाधिकारी नहीं थे।
उन्होंने कहा कि 24 विधायकों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का संगठन अच्छा संगठन है। 80 फीसदी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, 80 फीसदी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व 80 फीसदी ब्लॉक के पदाधिकारियों ने दिल्ली में चिट्ठी लिखी की संगठन हिमाचल प्रदेश में मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस पार्टी मजबूती से विचारधारा को लेकर चलती है, न की व्यक्तिवाद को लेकर नहीं चलती है। मानकोटिया के बारे पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संयम बरतना सबका दायित्व है और संयम बरतें।
- Advertisement -