- Advertisement -
हमीरपुर। वन विभाग हमीरपुर के नालटी बीट में बिना अनुमति बिरोजा निकाले जाने का मामला सामने आने के बाद विभाग सर्तक हो गया है। विभाग ने मामले में जांच बिठा दी है। अगर मामले में ठेकेदार दोषी पाया जाता है तो उसका लाइसेंस रद कर दिया जाएगा। वहीं बिरोजा निकालने जाने के एक अन्य मामले में भी ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ठेकेदार ने विभाग के पास बिरोजा निकालने के लिए परमिशन को आवेदन किया था, लेकिन उसके मापदंड पूरे नहीं थे। इसलिए विभाग से उसे परमिशन नहीं मिली। इसके बावजूद उसने बिना अनुमति से ही निजी भूमि पर बिरोजा निकालने का काम शुरू कर दिया।
विभाग को इस बात की भनक लगते ही विभाग ने तुरंत काम बंद करवा दिया था। वहीं दूसरे ठेकेदार को बिरोजा निकाले जाने की परमिशन मिली थी, लेकिन उसने जिनती पेड़ों से बिरोजा निकाले जाने की परमिशन मिली थी उससे 16 पेड़ अधिक बिरोजा निकाला है। इस मामले में भी विभाग ने जांच शुरू कर दी है। डीएफओ हमीरपुर प्रीति भंडारी ने बताया कि बिना अनुमति बिरोजा निकाले जाने के मामले में विभाग को पता चलते ही काम बंद करवा दिया था और मामले की जांच की जा रही है। ठेकेदार के दोषी पाए जाने पर लाइसेंस रद किया जाएगा। वहीं दूसरे मामले में जांच जारी है। ठेकेदार ने परमिशन से अधिक जितने पेड़ों से बिरोजा निकाला है, उसे सीज किया जाएगा।
- Advertisement -