-
Advertisement
CM योगी की राह चला JNU प्रशासन; दोषियों से कराई जाएगी तोड़फोड़ की भरपाई
Last Updated on January 7, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में रविवार रात को हुई हिंसा के बाद स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। बता दें कि हिंसा के दौरान विश्वविद्यालय में तोड़फोड़ भी की गई थी। जिससे विश्वविद्यालय की संपत्ति को काफी नुकसान हुआ था। अब खबर मिल रही है कि जेएनयू प्रशासन संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की राह पर चल पड़ा है। घटना पर प्रशासन ने सख्त रुख जाहिर करते हुए कहा है कि जो छात्र चिह्नित होंगे, वही तोड़फोड़ की भरपाई करेंगे।
जेएनयू रजिस्ट्रार प्रमोद कुमार ने इस मसले पर बातचीत करते हुए कहा है कि घटना से बहुत नुकसान हुआ है, इसका सही अंदाजा प्रॉक्टोरियल जांच के बाद लग पाएगा। जो छात्र हिंसा की घटना में चिह्नित होंगे, उन्हीं से इसका खर्च वसूला जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पांच जनवरी को घटना हुई है, वो उसकी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ये अप्रत्याशित घटना हुई। आपको याद दिला दें कि सीएए के विरोध में उत्तर प्रदेश में हुई हिंसा के दौरान भी सरकारी सम्पत्ति को उपद्रवियों द्वारा नष्ट किया गया था। जिसके बाद प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने उपद्रवियों से ही इस नुकसान की भरपाई कराने का निर्णय लिया था।