- Advertisement -
नई दिल्ली। चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण इस समय भारत समेत पूरे विश्व में उत्पात मचा रहा है। इस बीच खबर आ रही है कि कोरोना वायरस से भारत (India) में एक और मौत हो गई है। 55 साल के एक शख्स की पश्चिम बंगाल (West Bengal) में मौत हुई है। मरीज को पिछले हफ्ते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह इटली से लौटा था। इस जानलेवा बीमारी से देश में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मरीजों की संख्या 433 हो गई है। 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पूरी तरह से लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
वहीं, 6 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन की स्थिति है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने सोमवार (23 मार्च) को नियमित प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। इससे पहले पीएम नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को लोगों से लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करने की अपील करते हुए राज्य सरकारों से कहा कि वे नियमों और कानूनों का पालन कराना सुनिश्चित करें। मोदी ने ट्वीट किया, ‘लॉकडाउन को अब भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।’
- Advertisement -