-
Advertisement
Corona Relief: अगले तीन महीने तक 80 करोड़ लोगों को Free में मिलेगा पसंद का अनाज
Last Updated on April 14, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते खतरे को देखते हुए देश में 21 दिनों तक चले लॉकडाउन को तीन मई तक लिए बढ़ा दिया गया है। जिसके बाद सरकार ने गरीबों की राहत की योजना का भी ऐलान कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृह मंत्रालय की प्रवक्ता पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार द्वारा अगले तीन महीनों तक 80 करोड़ गरीबों को हर महीने 5-5 किलो अनाज मुफ्त में देने का ऐलान किया है।
यह भी पढ़ें: Lockdown के पहले हुई थी शादी, 22 दिन से स्कूल में रहने को मजबूर बाराती
उन्होंने कहा कि अनिवार्य वस्तुओं एवं सेवाओं की स्थिति नियंत्रण में है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत लगभग 80 करोड़ लोगों को अगले तीन महीनों तक उनकी पसंद के मुताबिक 5 किलो गेहूं या चावल प्रति माह मुफ्त दिए जाने का फैसला किया गया है। मंत्रालय की तरफ से इस विषय पर अधिका जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अतिरिक्त अनाज जारी कर दिया गया है। 13 अप्रैल, 2020 तक 22 लाख टन से ज्यादा अन्न एफसीआई से निकल चुका है। साथ ही, गृह मंत्रालय का कंट्रोल रूम अनिवार्य वस्तुओं और सेवाओं की उपलब्धता की चौबीसों घंटे निगरानी कर रहा है। साथ ही हेल्पलाइन के जरिए जरूरतमंदों की मदद भी कर रहा है।
इसके अलावा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने विशेष तौर पर मजदूरों की समस्याओं के निदान के लिए पूरे देश में 20 शिकायत केंद्र स्थापित किया है। ये केंद्र चीफ लेबर कमिश्नर की निगरानी में काम कर रहे हैं। हेल्पलाइन की विस्तृत जानकारी श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किए जाने के बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने आर्थिक पैकेज और गरीबों की खाद्य सुरक्षा का मुद्दा उठाया था।