-
Advertisement

भारत में Coronavirus के मामले बढ़कर हुए 6412, अब तक 199 लोगों की मौत
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस तेजी से पैर पसार रहा है, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (Union Ministry of Health and Family Welfare) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे तक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,412 हो गई है। इनमें से 503 लोग ठीक हुए हैं जबकि 5,709 सक्रिय मामले हैं। इसके साथ ही देश में इस वायरस से अब तक 199 लोगों की मौत हुई है।
देश में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 1364 हो गए हैं जबकि 97 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक सर्वाधिक 876 केस मुंबई, 187 पुणे शहर-ग्रामीण, 32 कल्याण डोमबिवली महानगरपालिका, 31 नवी मुंबई महानगरपालिका, 26 ठाणे महानगरपालिका और 26 सांगली में दर्ज हुए हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक 54 मौतें मुंबई में हुई हैं।
महाराष्ट्र के बाद कोरोना के सबसे ज्यादा संक्रमित तमिलनाडु में पाए गए हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर यहां 96 मामले सामने आए हैं। यहां मरीजों की संख्या 834 हो गई है, जिसमें से 8 लोगों की मौत हो चुकी है। तीसरे नंबर पर दिल्ली है, जहां गुरुवार को 51 नए मामले सामने आए हैं। अब मरीजों की संख्या 720 हो गई है और 12 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राजस्थान में पिछले 24 घंटे के अंदर 80 नए मामले आए हैं। यहां मरीजों की संख्या 463 हो गई है। इसमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, मध्य प्रदेश में 70 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 411 हो गई है।