- Advertisement -
नई दिल्ली/शिमला। देश में कोरोना वायरस (coronavirus) का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार के दिन हिमाचल सहित पूरे देश भर में जनता कर्फ़्यू लगाया गया। भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या भी 355 पहुंच गई है। रविवार को जनता कर्फ़्यू के बीच 2 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 6 हो गया है। इस बीच सरकार ने एहतियात के तौर पर देश के कुल 75 जिलों को लॉक डाउन करने का फैसला किया है। इसमें हिमाचल का कांगड़ा जिला भी शामिल है। कल से आगामी आदेशों तक कांगड़ा सहित उक्त 75 जिलों में आवश्यक सेवाएं ही लोगों को मिलेंगी। बाकी सब बंद रहेगा। हिमाचल सरकार ने कांगड़ा को लॉकडाउन करने के बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। इस दौरान इमरजेंसी के वाहन ही चल सकेंगे। बसें, टैक्सी, ऑटो रिक्शा आदि की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रेनों और हवाई जहाजों की आवाजाही भी बंद रहेगी। इसके अलावा जरूरी वस्तुओं जैसे किराना, दूध, ब्रेड, सब्जी, फ्रूट, मीट और मछली, मेडिकल स्टोर, ओप्टिकल की दुकानें, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप आदि खुलें रहेंगे।
यह भी पढ़ें: Corona Live: 75 जिले लॉक-डाउन, सारी Inter-State बस सर्विस बंद
इसके अलावा सरकार ने सभी इंटर स्टेट बसों का परिचालन बंद करने का बड़ा फैसला लिया है। गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय रेल द्वारा सभी पैसेंजर ट्रेनों को 31 मार्च तक के लिए रद्द कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों को सुबह 6 बजे तक लॉक डाउन रखने के निर्देश जारी किए। 9 बजे जनता कर्फ्यू खत्म होने के बाद भी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में लॉकडाउन जारी रहेगा। सुबह 6 बजे तक प्रशासन ने इसकी सीमा बढ़ा दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ रात को 9:30 बजे एक मीटिंग कर रहे हैं, जिसमें जनता कर्फ्यू के बारे में और फैसले कर सकते हैं।
देश में अब तक 354 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। केंद्र सरकार ने देश भर में मेट्रो सेवाओं को 31 मार्च तक बंद करने का फैसला किया है। वहीं कुछ राज्यों को केंद्र सरकार ने सलाह दी है कि देश के 75 जिलों में लॉकडाउन की घोषणा कर दी जाए। ये 75 वो जिले हैं जहां कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं, अथवा जिन जिलों में कोरोना मरीज की वजह से कुछ लोगों की मौत हुई है। कांगड़ा में भी दो कोरोना पॉजिटिव मरीज पाएं गए हैं। इनमें एक शाहपुर की महिला दुबई से लौटी है और लंज का युवक सिंगापुर से आया है। दोनों मरीजों के परिवार वालों को आइसोलेशन में रखा गया है।
- Advertisement -