-
Advertisement
सिरमौर के हरिपुरधार में भूस्खलन, मलबे में दबे गाय, बछड़े व बकरे
Last Updated on July 29, 2021 by saroj patrwal
नाहन। जिला सिरमौर में भी बारिश से खासा नुकसान हुआ है। ट्रांस गिरि इलाके (Trans Giri area of district Sirmaur) के बियोग गांव में गोशाला पर पहाड़ी गिरने से आधा दर्जन मवेशियों की मलबे में दबने से मौत (Cattle Died) हो गई है। इससे प्रभावित कंठी राम को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना उप तहसील हरिपुरधार के बियोंग गांव में गत रात करीब साढ़े 9 बजे पेश आई। जानकारी मुताबिक कंठी राम का बेटा राजेश व बहू गाय को दुहने व पशुओं को चारा डालने गोशाला गए थे। दोनों को घर लौटे महज 15 मिनट ही हुए थे कि पीछे से एक पहाड़ी गिरकर गोशाला पर आ गई। मलबा इतना अधिक था कि गोशाला का नामोनिशान मिट गया और सभी मवेशी जिंदा ही मलबे में दफन हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सभी लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: मजदूरी करने जा रहे थे, जीप में सोए-सोए चले गए मौत के आगोश में
मौके का मुआयना करने के लिए पशुपालन विभाग व राजस्व विभाग की टीमें आज सुबह ही मौके पर पहुंची। पटवारी बाबूराम ने बताया कि कंठी राम को करीब तीन लाख से अधिक नुकसान हुआ है। इस हादसे में खूंटियों में बंधी एक जर्सी गाय, एक गर्भवती घरेलू गाय, दो बछिया व दो बकरों की मौत हुई है। पहाड़ी गिरने से गांव का मुख्य रास्ता भी बंद हो गया है। इसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी के पीछे से अभी भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। भूस्खलन से कंठी राम के दो मकानों के अलावा उनके मकान के साथ ही बने एक मंदिर व दो अन्य मकानों को भी खतरा बना हुआ है। एसडीएम संगडाह डॉ. विक्रम नेगी ने घटना की पुष्टि की है।