- Advertisement -
संजीव कुमार/ गोहर। सिराज विधानसभा क्षेत्र के संगरूट गांव में एक व्यक्ति ने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान (Suicide)दे दी। घटना बुधवार देर शाम की है। मृतक की पहचान मेघ सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी संगरूट के रूप में पुलिस ने की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम (Post mortem) कर परिजनों को सौंप दिया है।
एसपी गुरदेव चन्द ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के पिता अमर सिंह की शिकायत पर मेघ सिंह की पत्नी (Wife) धनेश्वरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम घर पर कोई नहीं था। घर में अकेले मेघ सिंह ने रस्सी से फंदा लगाया और जान दे दी। शाम को जब परिजन घर पहुंचे तो उन्होंने मेघ सिंह को फंदे पर झूलता देखा।
जिसके बाद परिजनों ने पंचायत प्रधान को सूचित किया। प्रधान ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के पास से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस में दी शिकायत में मेघ सिंह के पिता अमर सिंह ने आरोप लगाया है कि बहू उसके बेटे को बेवजह परेशान करती रहती थी। जिसके कारण उसने पत्नी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। अमर सिंह ने आरोप लगाया है कि उसका बेटा साधारण स्वभाव का था और पत्नी उसे बेवजह तंग करती थी।
- Advertisement -