- Advertisement -
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सीआरपीएफ 168 बटालियन के एक जवान ने आज शाम को अपने ही साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि 168 बटालियन के कांस्टेबल संत राम का अपने साथियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि संतराम ने पांच जवानों पर अपनी रायफल से फायरिंग कर दी। दंतेवाड़ा रेंज के डीआईजी सुंदरराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि घटना शाम को करीब पांच बजे हुई है, जब जवान संतराम ने बासागुड़ा कैम्प में मौजूद अपने साथियों पर इंसास राइफल्स से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
कैंप में हुई इस अचानक गोलीबारी से वहां हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने तुरंत संतराम को दबोच लिया। मृत जवानों की पहचान एसआई विक्की शर्मा, एएसआई राजवीर सिंह, कांस्टेबल शंकर राव और एसआई मेघ सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल जवान का नाम गजानंद है। घायल जवान को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से रायपुर भेजा गया है। गोली चलाने वाला जवान संत राम उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है। सीआरपीएफ ने मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वारी के आदेश दे दिए हैं। सीआरपीएफ ने इस पूरी घटना पर दुख जाहिर किया है और कहा है कि बल के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच रहे हैंए ताकि सही वजहों का पता लगाया जा सके।
- Advertisement -