-
Advertisement
Himachal में सोमवार से बढ़ेगा कर्फ्यू में ढील का समय, Morning Walk पर भी जा सकेंगे लोग
Last Updated on April 25, 2020 by saroj patrwal
शिमला/नाहन। हिमाचल में कर्फ्यू (Curfew) में ढील का समय एक घंटे बढ़ाया जाएगा। कर्फ्यू में ढील का समय सोमवार से बढ़ाया जाएगा। साथ ही अब लोग मॉर्निंग वॉक ( Morning Walk) पर भी जा सकेंगे। केंद्र सरकार की ओर से सभी दुकानें खोलने की गाइडलाइन जारी होने के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। हिमाचल (Himachal) में अब चार घंटे कर्फ्यू में ढील मिलेगी। पहले विभिन्न जिला में अलग अलग टाइम पर तीन घंटे तक की छूट थी। अब यह चार घंटे होगी। इस निर्णय से न केवल सामाजिक दूरी बनाए रखने में सहायता मिलेगी, बल्कि दुकानों पर भीड़ भी कम होगी।
यह भी पढ़ें: कोरोना राहतः भोटा में भर्ती Una के दो मरीजों की पहली रिपोर्ट हुई नेगेटिव
सरकार ने लोगों को मॉर्निग वॉक करने के लिए भी डेढ़ घंटे जा समय दिया है। सुबह साढ़े पांच बजे से सात बजे तक लोग सुबह सैर कर सकेंगे। बता दें कि सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने सभी जिला के डीसी और एसपी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उक्त निर्णय भी बैठक में चर्चा के बाद लिया गया है। इस बाबत जल्द आदेश जारी हो जाएंगे।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में कर्फ्यू के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ा है तथा 3 मई के बाद लाॅकडाउन खुलने के उपरांत आर्थिक गतिविधियोंको पुनः सुचारू बनाने के लिए एक उपयुक्त योजना बनाना महत्वपूर्ण है। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के बाहर फंसे लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश वापिस आने के इच्छुक लोगों को सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन लोगों को प्रदेश में आने के उपरांत पूरी चिकित्सा जांच करवानी होगी तथा परिस्थिति के आधार पर संस्थागत या होम क्वारंटाइन में रहना होगा। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों को ऐसे व्यक्तियों की सूचना प्रदान की जानी चाहिए तथा उन्हें सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित व्यक्ति क्वारंटाइन में रहे। उन्होंने कहा कि उनके लिए प्रदेश के लोगों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य बेहद महत्वपूर्ण है तथा इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएं, ताकि प्रदेश में वापिस आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सीएम ने कहा कि अन्य राज्यों से वापस आने वाले हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों की भी चिकित्सा जांच की जानी चाहिए तथा उन्हें होम क्वारन्टीन में रखा जाए। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रदेश में फंसे अन्य राज्यों के लोगों को भी उनके संबंधित राज्यों में जाने के लिए सुविधा प्रदान की जाए। जय राम ठाकुर ने कहा कि संबंधित डीसी यह सुनिश्चित बनाए कि सभी निजी अस्पतालों तथा क्लीनिकों को सुचारू रूप से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए उन्हें कर्फ्यू पास बनाने के लिए बाध्य न किया जाए, बल्कि ऐसे संस्थानों के प्रमुख द्वारा प्रमाणित पहचान-पत्र भी स्वीकार्य हो। उन्होंने कहा कि इससे न केवल लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी, बल्कि प्रमुख सरकारी अस्पतालांे में भीड़ भी कम होगी।
जिला प्रशासन सिरमौर ने कर्फ्यू में दी गई ढील को बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत सोमवार यानि 27 अप्रैल से जरूरी वस्तुओं की दुकानें सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रतिदिन खुली रहेंगी। डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने बताया कि जिला में सोमवार यानि 27 अप्रैल से जरूरी वस्तुओं की दुकानों को खोलने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर दिया गया है। पहले जरूरी वस्तुओं की दुकानों को सुबह 10: 30 से दोपहर 1:30 तक खोलने की अनुमति थी।
उन्होंने बताया कि पहले लोगों को सुबह सैर करने कोई अनुमति नहीं थी, लेकिन कल यानि 26 अप्रैल रविवार से लोग सुबह 5:30 बजे से 7 बजे तक सैर कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सैर पर जाने वाले लोगों को मास्क अनिवार्य रूप से पहनना होगा, एक दूसरे से सामाजिक दूरी सुनिश्चित करनी होगी और एक जगह पर 5 से ज्यादा व्यक्ति इकट्ठे नहीं होंगे अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह समय-समय पर हाथों को धोते रहे या हैंड सैनिटाइजर से साफ करते रहें।