- Advertisement -
मंडी। सोशल मीडिया (Social Media) पर अफवाहें फैलाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी डीसी मंडी (DC Mandi) ऋग्वेद ठाकुर ने दी है। उन्होंने जिला के लोगों को चेताया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने का कार्य करें। यदि किसी ने सोशल मीडिया पर या अन्य प्रकार से अफवाहें फैलाई तो फिर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि तब्लीगी जमात के मामले सामने आने के बाद जिला भर में धर्म विशेष को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इसके साथ ही जिला के विभिन्न स्थानों पर तब्लीगी जमात के लोगों के होने और उनके कोरोना संक्रमित होने की अफवाहें जोर पकड़ने लगी हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि वह इस प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि अगर किसी को कोई जानकारी चाहिए तो वह जिला प्रशासन की अधिकृत वेबसाईट पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं या फिर मीडिया के माध्यम से प्रशासन द्वारा दी जा रही जानकारियों को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म विशेष को लेकर जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं वह समाज के लिए सही संदेश नहीं है। ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि अफवाहें फैलाने वालों पर जिला प्रशासन और पुलिस अब कड़ी नजर रखे हुए हैं और जो भी अफवाहें फैलाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Advertisement -