- Advertisement -
कांगड़ा/धर्मशाला। एक के बाद एक तीन लाशें मिलने से कांगड़ा में हड़कंप मच गया। हालांकि तीनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है। पहला शव माझी खड्ड में मिला। धर्मशाला से सटी मांझी खड्ड से जो शव मिला है वह प्रवासी मजदूर का है, वह शराब लेने गया था पर लौट के वापस ही नहीं आया। दूसरा मामला पुराना कांगड़ा का है, ढांक पर दो दिन तक लोग पुराना कपड़ा पड़ा हुआ समझ रहे थे, आज पता चला कि किसी का शव है। उसे वहां से फायर ब्रिगेड की मदद से निकाला गया। तीसरे मामले में पर्यटक स्थल त्रियूंड से एक 33 साल के युवक की लाश मिली है।
बहरहाल, पहले मामले की बात करें तो शीला चौक में मांझी खड्ड में एक प्रवासी युवक का शव बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त बिरसाई मुंडा (33) पुत्र गुलाब मुंडा निवासी जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बिरसाई मुंडा बुधवार को ही पहली बार धर्मशाला पहुंचा था। वह चाय बागान में मजदूरी के लिए आया था। वह करीब 8 बजे धर्मशाला पहुंचा और अपने परिचित अन्य लोगों के पास पहुंच गया। वहीं पुलिस का कहना है कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। अभी तक मृतक के साथियों ने किसी तरह का कोई शक जाहिर नहीं किया है। उधर, पुराना कांगड़ा में मिले शव के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें उसने अपनी मौत के लिए डिप्रेशन की बात कही है। बहरहाल मरने वाले की पहचान प्रद्युमन (66) पुत्र शालीग्राम निवासी पुराना मटौर के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि प्रद्युमन के शरीर पर चोटों के काफी निशान भी पाए गए हैं। डीएसपी कांगड़ा सुरेंद्र शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।
धर्मशाला। पर्यटक स्थल त्रियूंड के एक प्राइवेट रेस्ट हाउस में नौकरी करने वाले युवक की अचानक मौत हो गई है। युवक धर्मशाला उपमंडल के बल्ह गांव का रहने वाला था और त्रियूंड में कई वर्षों से नौकरी करता था। युवक की पहचान जोंकू राम (33) के तौर पर हुई है। इस बारे में जानकारी थाना प्रभारी मैक्लोडगंज सर्वदयाल ने दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चला पाया है। शव को धर्मशाला अस्पताल में पोस्टपार्र्टम के लिए भेज दिया गया है और रिर्पोट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के आसपास दो शव मिल चुके है लेकिन अभी तक भी उनके बारे में पुलिस को कोई सुराग नही मिल पाया है कि उनकी मौत कैसे हुई। हर दिन हो रही मौतों से पर्यटन नगरी के लोग भी चिंतित है कि आखिर यह सब कैसे हो रहा है।
- Advertisement -