- Advertisement -
नादौन/ऊना। नादौन (Nadaun) शहर में स्थित एक गेस्ट हाउस (Guest House) के कमरे में आज सुबह एक वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। बुजुर्ग की पहचान 70 वर्षीय श्रीनाथ प्रवासी गांव घलूं के तौर पर हुई है। यह पंचायत के वार्ड पंच भी थे। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर श्रीनाथ ने इस गेस्ट हाउस में एक कमरा लिया था। उन्होंने अपने बेटे सुरेंद्र को फोन कर बताया कि बस ना मिलने के कारण वह यहीं रुक गए हैं। गेस्ट हाउस के कर्मचारियों ने बताया कि वृद्ध ने दोपहर का भोजन किया, जबकि रात के समय पूछे जाने पर उन्होंने खाना खाने से मना कर दिया। सुबह जब कर्मचारी कमरे में नाश्ते के लिए पूछने गए तो कमरे का दरवाजा खुला था और वह वहां बेसुद्ध होकर पड़े थे। कर्मचारी ने गेस्ट हाउस मालिक को जानकारी दी। मालिक ने पुलिस (Police) को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौका पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया तथा साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में बुजुर्ग के बेटे सुरेंद्र ने बताया कि उसके पिता मानसिक तौर पर परेशान रहते थे और वह अक्सर दो चार दिन के लिए घर से बाहर चले जाते थे और वापस आ जाते थे। इस बार भी वह 2 दिन से बाहर थे। उसने बताया कि उसकी माता का देहांत 15 वर्ष पूर्व हो चुका है। जबकि वह, उसका भाई और एक बहन विवाहित हैं। अतिरिक्त थाना प्रभारी चुन्नीलाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ऊना (Una) जिला के पुलिस थाना बंगाणा के तहत हटली में 56 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र कौर पत्नी दलजीत सिंह निवासी हटली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम (Post Mortem) करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हटली निवासी सुरेंद्र कौर ने बुधवार की रात गलती से नशीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगडने पर परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। एएसपी विनोद कुमार धीमान (ASP Vinod Kumar Dhiman) ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- Advertisement -