- Advertisement -
सुंदरनगर। खड्ड में मछलियां पकड़ने गए व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई है। यह मामला मंडी (Mandi) जिला के बल्ह थाना के अंतर्गत गांव कुम्मी का है। व्यक्ति की पहचान डोला राम (40) पुत्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार डोला राम अन्य व्यक्तियों के साथ कुम्मी के पास नोएडा गांव में मछलियां पकड़ने के लिए गया था।
वहीं पर डोला राम को करंट लग गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ गए अन्य लोगों ने घायल डोला राम को लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक (Medical College Nerchowk) उपचार के लिए पहुंचाया। लेकिन, वहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। करंट कैसे लगा इस बात का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। पुलिस (Police) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्यकारी थाना प्रभारी बल्ह नोख राम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
- Advertisement -