- Advertisement -
धर्मशाला। पुलिस थाना मैक्लोडगंज के तहत भागसूनाग में एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे का शिकार शिव प्रसाद (55) पुत्र शुंका प्रसाद निवासी बरोदा बाजार, छतीसगढ़ का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार शिव प्रसाद ट्रक से दो अन्य लोगों के साथ मार्बल की प्लेट्स उतार रहा था। आठ मजदूर ट्रक के नीचे से इन प्लेट्स को होटल में पहुंचाने में लगे थे।
इसी दौरान ट्रक के अंदर रखी प्लेटें खिसक गईं और शिव प्रसाद उनके बीच दब गया। इस हादसे में शिव प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिव प्रसाद के ऊपर मार्बल की 22 भारी भरकम प्लेट्स आ गईं और वह उन्हीं में फंसकर रह गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार भागसूनाग में एक निर्माणाधीन होटल के लिए टाइल व मार्बल की सामग्री मंगवाई गई थी। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे यह सामग्री मजदूर उतार रहे थे। इसी दौरान यह हादसा पेश आया, जिसमें एक मजदूर को जान से हाथ धोना पड़ा। एएसपी कांगड़ा गौरव सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और इस घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ भी लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है।
- Advertisement -