- Advertisement -
सुंदरनगर। सुकेत रियासत (सुंदरनगर) के प्रसिद्ध देवता श्री देव बाला टिक्का कमांद पांच वर्ष के बाद अपने क्षेत्र के दौरे (फेर) पर निकले हुए हैं। वह क्षेत्र का दौरा कर भक्तों को आशीर्वाद दे रहे हैं। देव बाला टिक्का कमांद देवता स्वास्थ्य विभाग के देवता के नाम से भी जाने जाते हैं। यह क्षेत्र के दौरे के दौरान लोगों व पशुओं को स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करते हैं। बता दें कि देव बाला टिक्का बड़ा देव कमरूनाग के जयेष्ठ पुत्र हैं और अपने प्रतापी तेज के क्षेत्र में मशहूर हैं। देव बाला टिक्का कमांद 5 वर्ष के बाद ही अपने क्षेत्र का दौरा कर भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। देव बाला टिक्का ग्राम पंचायत डोलधार के गांव चलैला में तीन दिन के लिए रुके हुए हैं और देव खेल के माध्यम से भक्तों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं।
मान्यतानुसार देव बाला टिक्का देव खेल के माध्यम भक्तों व पशुओं के असाध्य रोगों को ठीक करने का दावा करते हैं, जिससे आज तक कई रोग ग्रसित लोग व पशु लाभान्वित हुए हैं। जानकारी देते हुए देव बाला टिक्का कमेटी कमांद प्रधान खेम राज ने कहा कि देव बाला टिक्का कमांद 5 वर्ष में मात्र एक बार अपने मूल स्थान से दो महीनों के प्रवास पर निकल कर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि देवता के 23 मेले लगते हैं और सभी मेलों में देवता शिरकत करते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के दौरान भी देवता देव खेल के माध्यम से लोग अपने कष्टों का निवारण करते हैं।
- Advertisement -