-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2020/04/depot.jpg)
डिपो धारकों की दो टूक – जल्द नहीं दिए Mask-Sanitizer तो निगम के गोदामों से नहीं उठाएंगे सामान
चंबा। कोरोना के इस विश्वव्यापी संकट काल में जहां देश तथा प्रदेश सरकार जनता से एहतियात बरतने तथा सुरक्षा के लिए ग्लब्स, मास्क तथा सैनिटाइजर के प्रयोग की अपील कर रही है वहीं जनता को खाद्यान्न वितरण में अहम भूमिका निभा रहे डिपोधारक उपेक्षित हैं। कर्फ्यू (Curfew) के दौरान अपनी ड्यूटी निभा रहे प्रदेश के करीब 5000 डिपो धारकों (Depot holders) को किसी अनहोनी के चलते अपने परिवारों की चिंता सताने लगी है। डिपो संचालक समिति के चंबा जिलाध्यक्ष दीप पठानिया ने कहा है कि अगर जल्द ही डिपो धारकों को मास्क, ग्लव्ज़ तथा सैनिटाइजर उपलब्ध नहीं करवाती तो डिपो धारक खाद्य आपूर्ति निगम के गोदामों से सामान नहीं उठाएंगे। पठानिया ने प्रदेश सरकार से ड्यूटी के दौरान किसी संक्रमण का शिकार होने पर डिपो धारकों के परिवारों को मदद की घोषणा करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन डिपो संचालकों को कर्फ्यू पास नहीं बना रहा जिससे उन्हें दिक्कत पेश आ रही है।
बताते चलें कि चंबा जिला में करीब 462 तो प्रदेश में करीब 4925 डिपो हैं। आलम यह कि खाद्य आपूर्ति विभाग डिपो धारकों की सुरक्षा को देखते हुए इन्हें मास्क, ग्लब्स तथा सैनीटाइजर उपलब्ध नहीं करवा पाया है। बिना सुरक्षा मानकों के डिजिटल राशन कार्ड स्वैप करते या पैसे लेते किसी भी कोरोना संक्रमित व्यक्ति (Corona infected person) के कार्ड के संक्रमण के खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता। हजारों डिपोधारकों की चिंता इस बात को लेकर भी है कि किसी संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आने से किसी अनहोनी की सूरत में भी प्रदेश सरकार ने इन सैकड़ों डिपो धारकों के परिवारों को आर्थिक मदद या बीमे की घोषणा नहीं की है। लिहाज़ा हजारों डिपो धारकों में रोष है।
इस संदर्भ में जब चंबा स्थित जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अरविंद शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सैनिटाइजर, मास्क तथा ग्लव्ज़ देने बारे आलाधिकारियों से बात की जाएगी। हालांकि अनहोनी की सूरत में आर्थिक मदद बारे उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।