- Advertisement -
Dhumal Attacked : हमीरपुर। प्रदेश सरकार गड़बड़ घोटालों की सरकार है। प्रदेश भर में लगाए गए तिरंगे झंडों की खरीद में भी गड़बड़ हुई लगती है। यह बात पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में त्रिदेव सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान पत्रकारों से कही। धूमल ने कहा कि स्थानीय लोगों के माध्यम से उन्हें यह पता चला है कि पहले भी यहां लहरा रहे तिरंगे झंडे को ठीक करवाने के लिए डेढ़ लाख का भुगतान किया जा चुका है। धूमल ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की शान है और तिरंगा लहराना हमारे लिए गर्व की बात है।
प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि अन्य जिलों से भी उनके पास शिकायत आई है कि एक जिले में तिरंगा लहराने के लिए खड़े किए गए पोल की एवज में अन्य जिले से ज्यादा का भुगतान किया गया और सरकार ने इस बात पर भी गौर नहीं की कि तिरंगे का कपड़ा फट क्यों रहा है। इसका अर्थ यह है कि कहीं न कहीं गड़बड़ जरूर है। हम इसकी निंदा करते हैं और सरकार से आग्रह करते हैं कि अच्छी गुणवत्ता के झंडे लहराएं जाएं।
हमीरपुर। नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में किसी भी वक्त विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियां यही कह रही हैं। धूमल ने कार्यकर्ताओं से चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। धूमल हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रमुख बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। धूमल ने कहा कि आने वाले समय में बीजेपी प्रदेश को एक सशक्त सरकार देगी जो प्रदेश की सेवा कर प्रदेश को आगे बढ़ा ले जाएगी। सांसद अनुराग ठाकुर भी इस बैठक में विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव की दृष्टि से तैयार रहने को कहा है।
त्रिदेव सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा
हमीरपुर के निजी होटल में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की हुई बैठक में पार्टी के पूर्व के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई और आने वाले समय में पार्टी की रणनीति तय की गई। हमीरपुर लोकसभा का त्रिदेव सम्मेलन आने वाली चार जून को तय किया गया है। इस सम्मेलन में मतदान केंद्र के अध्यक्ष, पालक और बीएलए भाग लेंगे। इन तीनों को पार्टी ने त्रिदेवों का नाम दिया है। हमीरपुर ससंदीय क्षेत्र में 1704 मतदान केंद्र हैं और इन मतदान केन्द्रों से कुल 5112 त्रिदेव इस सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसकी पूरी रणनीति आज की बैठक में तय की गयी।
- Advertisement -