- Advertisement -
नाहन। कर्फ्यू (Curfew) के बीच एक दिव्यांग युवक (Disabled youth) भूखे पेट करीब 200 किमी का पैदल सफर कर नाहन पहुंचा, जिसके लिए उसे दो दिन का समय लगा। यह दिव्यांग युवक बुधवार सुबह शिमला से पैदल अपने घर के लिए चला था जोकि सोलन होते हुए गुरुवार दोपहर नाहन पहुंचा। हालांकि वह अभी तक अपने घर नहीं पहुंच पाया है। युवक का घर शिलाई उपमंडल के कोटापाव में है। बताया जा रहा है कि कोटापाव का दिव्यांग सुरेश कुमार शिमला के पंथाघाटी में मजदूरी का कार्य करता है।
दिव्यांग युवक के नाहन पहुंचने पर पुलिस कर्मचारियों ने उससे पूछताछ की तो युवक ने बताया कि वह भूखे पेट शिमला से पैदल नाहन तक पहुंचा है। युवक ने बताया कि अभी सतौन तक का सफर लंबा है। सतौन सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में पड़ता है। यातायात पुलिस की टीम दिव्यांग की मदद कर रही है। बता दें कि दिव्यांग की एक टांग आर्टिफिशियल है। यातायात प्रभारी राम लाल चोपड़ा ने बताया कि अब सरकारी गाड़ी से युवक को उसके घर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांग को भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
- Advertisement -