-
Advertisement
Covid Ward में डयूटी के बाद क्वारंटाइन नहीं भेजने का फैसला गलत, जताया विरोध
मंडी। कोविड वॉर्ड (Covid Ward) में डयूटी देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को क्वारंटाइन (Quarantine) में नहीं भेजने के केंद्र सरकार (Center Govt) के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक की रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन और हिमाचल प्रदेश स्टाफ नर्स एसोसिएशन ने आज इस फैसले का विरोध करते हुए सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) को एडीएम मंडी श्रवण मांटा के माध्यम से ज्ञापन भेजा। रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय मिन्हास ने कहा कि सरकार का यह फैसला तर्कसंगत नहीं है। कोविड वॉर्ड (Covid Ward) में डयूटी देने वाले डाक्टर्स, नर्स और सफाई कर्मी सहित अन्य कर्मचारियों को संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। यदि यहां डयूटी देने के बाद कर्मचारियों को क्वारंटाइन में न भेजकर सीधे घर भेजा गया तो इससे संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा। इन्होंने सरकार से अपने फैसले को बदलने की मांग उठाई है।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग के मामले में भ्रष्टाचार का सौदागर कौन, Mukesh का सीएम से सवाल
हिमाचल प्रदेश स्टाफ नर्स एसोसिएशन की अध्यक्षा अरूणा कौर लुथरा ने कहा कि अगर सरकार इन्हें होटलों में क्वारंटाइन नहीं कर सकती तो स्वास्थ्य विभाग या अन्य विभागों के रेस्ट हाउस में क्वारंटाइन करे। वहीं इन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए आदेशों में बदलाव करके इसे लागू किया जाए। क्योंकि संबंधित जिलाधीशों के पास यह अधिकार होता है कि वह अपने क्षेत्र की स्थिति को देखकर वहां निर्णय ले सकते हैं। इस मौके पर रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डा. रोशन, महासचिव डा. विशाल जम्वाल और नर्स एसोसिएशन की प्रेस सचिव सीता सूद भी मौजूद रही।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

