- Advertisement -
शिमला। सामाजिक क्षेत्र में काम करने के लिए केंद्र ज्यादा धन मिले तो हिमाचल में विकास रफ्तार पकड़ेगा। दिल्ली में केंद्रीय समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत से मुलाकात के बाद डॉ राजीव सहजल ने यह मांग रखी। डॉ. राजीव सहजल ने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए कृत संकल्प है। प्रदेश सरकार महिलाओं को विकास में समान भागीदारी दिलवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के दृष्टिगत राज्य में गुड़िया हेल्पलाइन की स्थापना भी की है।
सहजल ने केन्द्रीय मंत्री को प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही वरिष्ठ नागरिकों को बिना आय सीमा के दी जा रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष किया है। इससे प्रदेश के हजारों वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित होंगे। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से हिमाचल प्रदेश में विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए अधिक धनराशि आबंटित करने का आग्रह किया।
इस पर थावर चंद गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार पूर्व में भी हिमाचल प्रदेश को भरपूर सहायता प्रदान करती आ रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश को समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने डॉ. राजीव सहजल से पूर्ण मनोयोग के साथ विभिन्न योजनाओं को लागू करने का आग्रह किया।
- Advertisement -