- Advertisement -
bhoranj by election congress : : लोकिन्दर बेक्टा, शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भोरंज विधानसभा के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे डॉ. रमेश डोगरा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। डॉ. डोगरा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने डॉ. डोगरा के निष्कासन की कार्रवाई की।
गौर हो कि डॉ. रमेश डोगरा ने कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी प्रोमिला देवी के खिलाफ भोरंज से नामांकन पत्र दाखिल किया। डॉ. डोगरा खुद भी टिकट की दौड़ में थे, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने प्रोमिला को वहां से प्रत्याशी बनाया। इसके बाद डॉ. रमेश डोगरा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस बीच डॉ. डोगरा को मनाने के प्रयास भी हुए, लेकिन वे नहीं माने और अंततः उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते छह वर्ष के लिए पार्टी ने निष्कासित कर दिया। डॉ. रमेश डोगरा 2012 का विधानसभा चुनाव भी इसी सीट से लड़े थे और उस वक्त पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बनाया था।
वह चुनाव डॉ. डोगरा हार गए थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भोरंज विधानसभा के उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे डॉ. रमेश डोगरा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि डॉ. डोगरा को पार्टी ने एंटी पार्टी एक्टीविटी के आरोप में उनकी सदस्यता को रद्द करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है और यह कार्रवाई तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुसाशनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी और सभी पार्टी नेता व कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी के लिए दिनरात कार्य कर रहे हैं।
- Advertisement -