- Advertisement -
हमीरपुर। शहर के लोगों को इस बार दशहरा उत्सव देखने को नहीं मिलेगा। हमीरपुर में जिला प्रशासन की अनुमति न मिलने के कारण हर साल धूमधाम से मनाया जाने वाला दशहरा इस बार नहीं होगा। इससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। लोगों में इसके प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
दशहरा कमेटी के सदस्य एवं पार्षद अश्वनी कुमार ने बताया कि हर साल दशहरा सीनियर सेकेंडरी बाल स्कूल के खेल मैदान में धूमधाम से मनाते थे, लेकिन इस बार प्रशासन के द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने से लोगों में निराशा है। उन्होंने कहा कि दशहरा के मौके पर पुतले का दहन नहीं किए जाने से दशहरा पर्व की रौनक फीकी हो रही है और ऐसा इतिहास में पहली बार हो रहा है। वहीं, दुकानदारों ने अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हाईकोर्ट ने हमीर उत्सव के लिए तो अनुमति दे दी, लेकिन दशहरा के लिए अनुमति नहीं दी जो बड़े ही दुख की बात है।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के खेल मैदान में अन्य गतिविधियों पर पूर्णतया रोक लगाई है, जिस कारण इस बार दशहरा पर्व के कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो पाया है। हालांकि जिला प्रशासन दशहरा पर्व के लिए हाईकोर्ट से अनुमति ले सकता था, लेकिन अनुमति नहीं लिए जाने से अब लोगों में गहरा रोष बना हुआ है।
- Advertisement -