- Advertisement -
नाहन। औद्योगिक नगरी कालाअंब में कार्य के दौरान करंट लगने से एक इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई। कालाअंब पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार (40) निवासी मालाआऊ, डाकखाना बल्दीराय जिला सुल्तानपुर यूपी बीते बुधवार को रात 8 बजे मैनथापल में मेंटेनेंस का कार्य करने गया था। इस दौरान उसे करंट लगा और बेसुध हो गया। इसके बाद बेसुध हुए सुरेश कुमार को लोगों ने कालाअंब स्थित एक अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि सुरेश कुमार पिछले करीब 15 वर्षों से मैनथापल में ही रहता था। यह इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था। मैनथापल में इसकी अपनी इलेक्ट्रिशियन की दुकान भी है। फैक्ट्ररी में कार्य करने के अलावा यह इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का कार्य भी करता था। उधर, कालाअंब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
- Advertisement -