-
Advertisement
Elon Musk ने दिखाया वह सुअर जिसके मस्तिष्क में है सिक्के के आकार की कंप्यूटर चिप, जानें क्या है
Last Updated on August 29, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। टेस्ला, स्पेसX और द बोरिंग कंपनी के फाउंडर एलन मस्क (Elon Musk) के न्यूरोसाइंस स्टार्टअप न्यूरालिंक (Neuralink) ने शुक्रवार को वह सुअर दिखाया जिसके मस्तिष्क में सिक्के के आकार की कंप्यूटर चिप लगी है। इस न्यूरोसाइंस स्टार्टअप न्यूरालिंक का उद्देश्य मनुष्यों में वायरलेस ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस इंप्लांट कर अलज़ाइमर्स, डिमेंशिया और रीढ़ की हड्डी में चोट के इलाज में मदद करना है। बकौल मस्क, ‘न्यूरालिंक इंप्लांट सिर में छोटे तारों वाले फिटबिट जैसे हैं।’ वहीं, मस्क ने कंप्यूटर चिप लगे सुअर की तस्वीर शेयर करते हुए वेबिनार में बताया, ‘संभव है मेरे मस्तिष्क में न्यूरालिंक चिप लगी है। आपको पता भी नहीं चलेगा, शायद मुझे चिप लगी हुई है।’
इंसानों की बीमारियों से लड़ने और उन्हें ठीक करने में मदद करेगी चिप
कंपनी ने दिखाया कि चिप कैसे सुअर की न्यूरल गतिविधि ब्रॉडकास्ट करती है। यह चिप एक सर्जिकल रोबोट द्वारा लगाई जाती है। न्यूरालिंक इवेंट की लाइव-स्ट्रीमिंग यूट्यूब पर की गई। इस दौरान मस्क ने तीन सूअरों को शोकेस किया। इनमें से Gertrude नाम वाले सूअर के दिमाग में दो महीने के लिए चिप इंस्टॉल किया गया था। वहीं, दूसरे सूअर में पहले चिप इम्प्लांट किया गया था और तीसरे में चिप नहीं था। न्यूरालिंक का उद्देश्य इंसानों के दिमाग में एक तरह से वायरलेस कंप्यूटर स्थापित करना है, जो इंसान को अल्जाइमर, डिमनशिया और रीढ़ की हड्डी की चोटों जैसी बिमारियों से लड़ने में और उनसे ठीक करने में मदद करेगा। शुक्रवार को वेबकास्ट के दौरान एलन मस्क ने डिप्रेशन, मेमरी लॉस, इंसोमेनिया जैसी बिमारियों का जिक्र किया।
यह भी पढ़ें: #BlackPanther की भूमिका निभाने वाले चैडविक बोसमैन का 42 वर्ष की उम्र में कैंसर से निधन
हेडफोन को पूरी तरह से खत्म कर देगी यह चिप, दिमाग में बजेगा संगीत
मस्क ने बताया कि एक इम्प्लांटेबल डिवाइस वास्तव में इन समस्याओं को हल कर सकती है। कंपनी द्वारा दिखाए प्रजेंटेशन के मुताबिक कंपनी ने इस चिप का प्रयोग 19 अलग-अलग जानवरों पर किया है जिनकी सफलता की दर 87 फीसदी रही है। इस चिप की साइज करीब आठ मिलीमीटर (इंच का तीन-दसवां हिस्सा) है। गौरतलब है कि इसी साल जुलाई में न्यूरोलिंक ने कहा था कि वह एक खास ब्रेन चिप पर काम कर रही है, जो आने वाले समय में हेडफोन को पूरी तरह से खत्म कर देगी। इस चिप को इंसान के दिमाग में इम्प्लांट किया जाएगा। इसके जरिए लोग संगीत सुनने के साथ म्यूजिक स्ट्रीम कर सकेंगे।