-
Advertisement
Kullu के इस गांव में होली के रंग अलग, पूरी रात चलता है नाटी का दौर
Last Updated on March 11, 2020 by Deepak
आनी। कुल्लू (Kullu) जिला के आनी खंड की ग्राम पंचायत खणी के गांव बटाला में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक फाग मेला ठाकुर मुरलीधर के प्रांगण में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस वर्ष यह मेला 9 मार्च को शुरू हुआ। साथ ही आज सुबह होलिका दहन के साथ संपन्न हुआ। भजनों का दौर निर्वाध रूप से प्रातःकाल तक चलता रहा। उसके बाद होलिका दहन की रस्म निभाई हई, जिसके लिए फाग बूटी को दो दलों द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर पूरे जोश के साथ मंदिर प्रांगण में लाया गया।
इस फाग मेले में क्षेत्र के युवा नेता सुभाष शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और लोगों से अपनी प्राचीन संस्कृति को बनाए रखने का आह्वान किया। मंदिर प्रांगण में विशाल नाटी नृत्य किया जाता है, जिसमें बाहर के घेरे में पुरुष और भीतर के घेरे में महिलाएं नाचती हैं। यह नाटी नृत्य प्रातः चार बजे तक चलता रहता है, उसके बाद होलिका दहन की रस्म निभाई जाती है।
यह भी पढ़ें: Holi पर खूब उड़ा गुलाल, कहीं खेली फूलों की होली, Chamba में हादसे ने फीका किया त्योहार का रंग
बता दें कि इस पावन पर्व पर 9 मार्च की प्रातः स्थानीय ब्राह्मणों ने प्राचीन परंपरा अनुसार पहले कृष्ण जी की पूजा-अर्चना की और बाद में उनके साथ ब्रज की होली खेली। इसमें गांव के बुजुर्ग, महिला, बच्चों तथा युवाओं ने भाग लिया। जबकि सांयकाल में गांव के मध्य स्थित कृष्ण मंदिर ठाकुर मुरलीधर की पूजा-अर्चना व आरती की गई। आज सुबह प्रातः करीब साढ़े चार बजे ठाकुर मुरलीधर मंदिर गर्भ गृह से पालकी में सवार होकर शंखनाद के साथ ढोलकी, चिमटा व कंसी की थाप पर लोगों के दर्शनों के लिए बाहर निकले। इस दौरान होलिका दहन हुआ और कृष्ण जी की पालकी ने 12 जलती मशालों के सुरक्षा घेरे के बीच ढाई फेरे की परिक्रमा की। मेला होलिका दहन की रस्म के साथ ही संपन्न हुआ। लोग कृष्ण स्वरूप ठाकुर मुरलीधर से आशीर्वाद लेकर अपने-अपने घरों को लौटे। संध्या में महिला मंडल खुन्न सहित विभिन्न स्कूली बच्चों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुति से कृष्ण भक्ति का खूब रस घोला।