- Advertisement -
नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद थाना के तहत एक इलाके में 4 लोगों ने नकली फारेस्ट गॉर्ड बन एक भेड़ पालक से 50 हजार लूट लिए। इस लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हरियाणा की तरफ फरार हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक़ इस सनसनीखेज वारदात को 4 बदमाशों ने पच्छाद विकास खंड की बनी बखोली पंचायत के च्याली गांव में अंजाम दिया। किन्नौर से ताल्लुक रखने वाले एक भेड़ पालक से बदमाशों ने करीब 50 हजार रूपए लूट लिए। पीड़ित दलबीर सिंह पुत्र भागसुख निवासी सांगला जिला किन्नौर ने पुलिस को बताया कि वह एक भेड़ पालक है। सोमवार शाम को चार व्यक्तियों ने उसे खुद को वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बताया। शक होने पर चारों ने बहस शुरू करनी शुरू कर दी। तभी एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर दलवीर की कनपटी पर रख दी और चारों बदमाश दलबीर सिंह से 50 हजार रूपए छीन कर ले गए। पच्छाद पुलिस ने भेड़ पालक दलबीर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- Advertisement -