- Advertisement -
धर्मशाला। सोशल मीडिया पर वायरल मैक्लोडगंज भू-स्खलन फेक वीडियो मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस संबंध में आईटी एक्ट की धारा 66 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कांगड़ा संजीव गांधी का कहना है कि इस तरह की फेक वीडियो के कारण लोगों में भय का माहौल बनता है और कई दफा स्थिति हाथ से निकल जाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे ही फेक वीडियो जारी करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और दूसरे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि 2 दिन पूर्व सोशल साइट पर मैक्लोडगंज में हुए भू-स्खलन को लेकर एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें यह दर्शाया गया था कि यह भू-स्खलन प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मैक्लोडगंज में हुआ है, लेकिन कुछ ही देर बाद जानकारी मिली कि यह वीडियो फेक है। हालांकि इस मसले को लेकर उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा पहले ही बयान जारी कर चुके हैं कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने लोगों से इस तरह की वीडियो शेयर न करने की भी अपील कि थी। लिहाजा पुलिस ने भी हरकत दिखाते हुए केस दायर कर छानबीन शुरु कर दी है।
- Advertisement -