-
Advertisement
Live : किसानों का देशव्यापी चक्का जाम शुरू, Delhi में 10 मेट्रो स्टेशन बंद
Last Updated on February 6, 2021 by
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले दो महीने से भी ज्यादा समय से किसान आंदोलन करते हुए दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं। किसान संगठन (Farmer organization) ने आज तीन घंटे के लिए देशव्यापी चक्का जाम (Chakka Jam) का आह्वान किया है। देशभर में विभिन्न स्थानों पर किसानों का चक्का जाम शुरू हो गया है। यूपी और उत्तराखंड को छोड़कर देश के बाकी राज्यों में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ये चक्का जाम बुलाया गया है जिसका असर भी दिखना शुरू हो गया है। किसानों ने सड़कों पर जाम लगाना शुरू कर दिया है। किसान शांतिपूर्ण तरीके से देश के अन्य हिस्सों में तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को बाधित करेंगे। दिल्ली मेट्रो ने एहतियातन 10 स्टेशनों पर आवाजाही को बंद कर दिया गया है। मंडी हाउस, ITO, दिल्ली गेट, लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ, केंद्रीय सचिवालय और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिए गए हैं। हालांकि इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुवधा खुली रहेगी।
यह भी पढ़ें: किसानों का देशव्यापी चक्का जाम आज, Delhi में 50 हजार सुरक्षा कर्मी तैनात
चक्का जाम के मद्देनजर राजधानी दिल्ली (Delhi) में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के नाकों पर करीब 50,000 सुरक्षा कर्मी तैनात किए हैं। इसमें अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने शाहजहांपुर सीमा (राजस्थान-हरियाणा) के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। पंजाब में आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक किसानों द्वारा बुलाए गए ‘चक्का जाम’ के तहत प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम कर दिया। अमृतसर और मोहाली में चक्का जाम की खबरें आनी शुरू हो गई हैं।
अन्नदाता का शांतिपूर्ण सत्याग्रह देशहित में है- ये तीन क़ानून सिर्फ़ किसान-मज़दूर के लिए ही नहीं, जनता व देश के लिए भी घातक हैं।
पूर्ण समर्थन!#FarmersProtests
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 6, 2021
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के चक्का जाम का समर्थन किया। उन्होंने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘अन्नदाता का शांतिपूर्ण सत्याग्रह देशहित में है- ये तीन कानून सिर्फ किसान-मजदूर के लिए ही नहीं, जनता व देश के लिए भी घातक हैं। पूर्ण समर्थन!’