- Advertisement -
मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव (International Shivaratri Festival) में इस बार देश-विदेश की कला-संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे। 22 से 28 फरवरी तक होने वाले इस महोत्सव में 6 सांस्कृतिक संध्या (Cultural night) होंगी, इनमें 3 संध्या खासतौर पर हिमाचली कलाकारों के नाम रहेंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पंजाबी तड़का भी लगेगा। साथ ही कई विदेशी कलाकार व ग्रुप भी महोत्सव में अपना जौहर दिखाएंगे।एडीसी आशुतोष गर्ग ने यह जानकारी बुधवार को शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक उपसमिति की बैठक के उपरांत दी। बैठक में उपसमिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि बैठक में शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं को लेकर चर्चा की गई। यह तय हुआ कि महोत्सव में हिमाचली कलाकारों को पर्याप्त मौका दिया जाए।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम (Beti Bachao Beti Padhao theme) पर फैशन शो ( Fashion show) का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक विषयों पर आधारित लघु नाटिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। नृत्य, संगीत, कला संस्थानों के कलाकारों को भी मंच मुहैया करवाया जाएगा। आशुतोष गर्ग ने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं में कलाकारों का चयन ऑडिशन के जरिए होगा। इसके लिए 10 से 17 फरवरी तक मंडी में ऑडिशन लिए जाएंगे।
इनमें जज के तौर पर गीत-संगीत व कला संस्कृति की प्रतिष्ठित विभूतियों को रखा जाएगा। पिछले साल हुए ऑडिशन में मंडी व अन्य जिलों की ऑडिशन में पहले तीन-तीन स्थानों पर रहे कलाकरों को इस बार ऑडिशन से छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त नामी कलाकारों के अलावा बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों व पुरस्कार विजेताओं को भी ऑडिशन से छूट दी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कलाकार एडीसी कार्यालय मंडी में आवेदन कर सकते हैं। उनके ईमेल पते पर भी आवेदन भेजे जा सकते हैं। बैठक में सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्यों ने सांस्कृतिक संध्याओं को और आकर्षक बनाने के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए।
- Advertisement -