- Advertisement -
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण (Fifth phase of Lok Sabha elections) का चुनाव प्रचार (Election Campaign) शनिवार शाम 5 बजे समाप्त हो गया। पांचवें चरण में 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इस चरण में यूपी की सबसे ज्यादा-14, बिहार की 5, जम्मू-कश्मीर-2, झारखंड-4, मध्य प्रदेश-7, राजस्थान-12, और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी समेत कई दिग्गज नेताओं की किस्मत दांव पर है।
सोमवार को पांचवें चरण की समाप्ति के साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए चुनाव पूरा हो जायेगा और शेष दो चरणों में 118 सीटों के लिए मतदान बाकी रह जायेगा। इस तरह 17वें लोकसभा चुनाव का तीन चौथाई से अधिक सफर पूरा हो जायेगा। इस चरण में 8,75,88,722 मतदाता 674 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 4,63,033 पुरुष, 4,12,83,166 महिला और 2,214 किन्नर मतदाता हैं। उनके लिए 96,088 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने चुनावी रैलियां की।
- Advertisement -