- Advertisement -
डलहौजी। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला की ऊपरी पहाड़ियों पर मौसम का पहला हिमपात हो गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां पहुंचे पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हिमपात से पिछले कई दिनों से जारी शुष्क मौसम और शीतलहर का प्रकोप समाप्त हो गया। हिमपात से बागवानों किसानों व पर्यटन वयवसाय से जुड़े लोगो में भी खुशी कि लहर है। वहीं, मंदी की मार झेल रहे होटल व्यवसायी व पर्यटन व्यवसाय से जुड़े व्यापारी हिमपात के कारण पर्यटकों के बड़ी संख्या में उमड़ने की उम्मीद कर रहे हैं।
जिला के ऊपरी इलाकों पीर पंजाल, होली, तीसा, पांगी, भरमौर व डलहौजी सहित जिला कि सभी ऊपरी इलाकों में हिमपात से पहाड़ी इलाकों का दृश्य और मनोरम हो गया है। बर्फबारी व बारिश के चलते चंबा जिला पूरी तरह से ठंड की चपेट में आ गया है। कई मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गए हैं। जिला के पर्यटक स्थल बर्फ की सफेद चांदी से चमक उठे हैं। बहरहाल, चंबा जिला के सभी ऊपरी इलाकों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। इसी के चलते चंबा जिला के सैलानियों के मशहूर पर्यटक स्थल डलहौजी कि ऊपरी इलाके डैन कुंड में भी लगभग चार इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी से डलहौजी के पहाड़ों का सौंदर्य भी निखर उठा है, वहीं बर्फबारी से डलहौजी घूमने आए पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
ऊना। लंबे अरसे के बाद ऊना में बरसे मेघों के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। रबी फसलों के सीजन की शुरुआत से पूर्व इस दफा बारिश नहीं होने का दुख किसानों के चेहरों पर साफ देखा जा रहा था, वहीं रबी फसलों की बिजाई के बाद भी ऊना जिले में बारिश न होना चिंता का सबब बनता जा रहा था। सोमवार सुबह से शुरू हुई बूंदाबांदी ने किसानों के लिए उम्मीद की किरण जगा दी।
- Advertisement -