- Advertisement -
Rahul Gandhi : शिमला। पत्र बम की सियासत के बीच आज दिल्ली में कांग्रेस की सियासत गरमाती रही। सीएम वीरभद्र सिंह से जुड़े पांच मंत्री इसी बीच कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकत करने पहुंचे। मकसद वही था, वीरभद्र सिंह में विश्वास जताना। राहुल गांधी से मुलाकात करने वालों में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी शामिल हैं। बताया जाता है कि इन सभी ने एक स्वर से वीरभद्र सिंह में विश्वास जताते हुए उन्हें एक छत्र नेता बताया व चुनाव उन्हीं की अगुवाई में लड़ने की पैरवी की। इन पांच मंत्रियों की राहुल गांधी से मुलाकात एेसे समय में हुई जब प्रदेश में सरकार व संगठन में पूरी तरह से ठनी हुई है।
गौर हो की बीते दिनों में कांग्रेस के आधा दर्जन विधायकों ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर सीएम वीरभद्र सिंह के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। पत्र में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व पर सवाल उठाए गए थे और उन्हें पद से हटाने की मांग की गई थी। विधायकों ने पत्र की एक प्रतिलिपि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी भेजी थी। हालांकि अभी तक उन विधायकों का खुलासा नहीं हो पाया है जिन्होंने यह पत्र लिखा था। पत्र के माध्यम से विधायकों ने आरोप लगाया था कि सरकार गुड़िया मर्डर मामले से निपटने में फेल रही है। इसी बीच इस बात की भी चर्चा है कि 17 ब्लॉक अध्यक्षों ने भी वीरभद्र सिंह के विरोध में हाईकमान को पत्र लिखा है, पर इस बात की पुष्टि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू से नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें : Shinde In Action : 3 अगस्त को Dharamshala से करेंगे Congress को Gear Up
- Advertisement -