- Advertisement -
मंडी। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने सीएम जयराम ठाकुर पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर को शातिर व सत्ता में मदहोश बताया है। यही नहीं वीरभद्र सिंह ने यहां तक कह दिया कि जयराम ठाकुर खालटी (खाल) से बाहर हो गए हैं, तो हम क्या कर सकते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए चुनाव प्रचार करने पधर पहुंचे पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह सीएम जयराम ठाकुर के प्रति काफी आक्रोशित नजर आए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर के पास न तो तजुर्बा है और न ही वह सामग्री जिसके दम पर वह प्रदेश को आगे ले जा सकें। वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह जयराम का भला चाहते थे और यही कारण है कि अभी तक उन्होंने एक भी टिप्पणी जयराम ठाकुर के खिलाफ नहीं की थी, लेकिन जयराम ठाकुर शातिर निकले।
वीरभद्र सिंह हाल ही में सीएम जयराम ठाकुर द्वारा की गई टिप्पणियों से काफी आहत नजर आए। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने उनके और कांग्रेसी नेताओं के बारे में जो बातें कहीं हैं उनके बारे में वह कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे। उन्हें पता नहीं था कि पहाड़ी क्षेत्र से संबंधित जयराम सत्ता के नशे में इतने मदहोश हो जाएंगे। उन्होंने मेरे खिलाफ जो अभद्र शब्द इस्तेमाल किए, कटाक्ष किया व झूठे आरोप लगाए उन्हें वह नमस्ते सहित वापस करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि शराब पीकर तो आदमी अपने आप को खो देता है। पर यह मालूम नहीं था कि सत्ता का नशा शराब से भी तेज होता है। जयराम की एक दिन जरूर जयराम होगी। जो जैसे बोएगा वैसा ही काटेगा।
- Advertisement -