-
Advertisement
Solan: पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह आखिर क्यों हुए गमगीन- जानने को पढ़ें खबर
Last Updated on February 12, 2021 by Sintu Kumar
दयाराम कश्यप/सोलन। पूर्व मंत्री व जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुजान सिंह पठानिया (Sujan Singh Pathania) के निधन से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह (Former CM Virbhadra Singh) गमगीन नजर आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पठानिया जैसे ईमानदार व प्रदेश की जनता के लिए दिन रात काम करने वाले दिग्गज नेता को कांग्रेस पार्टी ने खो दिया है। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने मृतक परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की और कहा कि सुजान सिंह पठानिया के निधन की सूचना मिलते ही उनके बेटे विधायक विक्रमादित्य सिंह कांगड़ा के लिए रवाना हो चुके हैं।
वहीं, आज शिमला जिला परिषद की अध्यक्ष चंद्रप्रभा व उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेगटा सहित अन्य जिप सदस्य रोहड़ू विधायक मोहन लाल ब्राक्टा व पूर्व विधायक चौपाल डॉ. सुभाष मंगलेट के नेतृत्व में जिला सोलन के कुठाड़ राज महल में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह से मिले और आशीर्वाद प्राप्त किया। शिमला जिला परिषद (Shimla Zila Parishad) की अध्यक्ष चंद्रप्रभा व उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेगटा सहित अन्य जिप सदस्यों ने अपनी जीत का श्रेय पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, विधायक विक्रमादित्य सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व रामपुर तहसील के सभी लोगों को दिया है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने जिला परिषद चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रदेशभर के प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव (Vidhan Sabha Election) में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर सरकार बनाएगी। जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी और उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेगटा ने कहा कि पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह कांग्रेस (Congress) में वन मैन आर्मी की तरह काम करते हैं, जिसके कारण प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उनके क्षेत्र में पूरी तरह से दबाव बनाने की राजनीति अपनाई, लेकिन इसके बावजूद भी बीजेपी (BJP) कांग्रेस समर्थकों को तोड़ने में नाकाम साबित रही।