- Advertisement -
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय शॉट पुटर एथलीट इकबाल सिंह (Iqbal Singh) को पत्नी और मां के हत्या के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। एशियाई चैंपियनशिप में भारत के लिए कांस्य पदक जीत चुके पूर्व शॉट पुटर इकबाल सिंह पर अमेरिका में पत्नी और मां की हत्या का आरोप तय हुआ है। अमेरिका के पेसिंलवेनिया में दोहरे हत्याकांड के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
बतौर जांचकर्ता, ‘उसने हत्या के बाद बेटे को फोन कर कहा था, मैंने तुम्हारी मां और दादी को मार दिया है। पुलिस को फोन करो, मुझे पकड़ ले।’ बता दें कि इकबाल दो दशक से अमेरिका में हैं। सिंह पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं। 80 के दशक में वह भारत के चोटी के शॉट पुट खिलाड़ियों में शामिल थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रद्रर्शन 18.77 मीटर था जो उन्होंने 1988 में नई दिल्ली में हुई परमिट मीट में हासिल किया था। यहां उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। भारत के ऑल टाइम लिस्ट में सिंह टॉप-20 में जगह बनाते हैं।
अमेरिका में स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंह के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस जब न्यूटाउन टाउनशिप (Newtown Square, Pennsylvania) में इकबाल के आवास पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि वह खून से लथपथ है और उसने खुद को भी चोट पहुंचाई है। घर के अंदर दो महिलाओं के शव पड़े थे। इसमें कहा गया है इकबाल पर सोमवार को हत्या के आरोप तय किये गए और उसे हिरासत में रखा गया है। आरोपों की प्रकृति को देखते हुए उसे जमानत नहीं मिली। उसने अपना पक्ष रखने के लिये किसी वकील की सेवाएं नहीं ली हैं।
- Advertisement -