- Advertisement -
ऊना। वन विभाग की टीम ने पिकअप में खैर की लकड़ी, एक बंदूक और दो जिंदा कारतूस के साथ चार वन काटुओं को दबोचा है। वहीं, एक वन विभाग की टीम को चकमा देकर फरार हो गया। वन काटुओं ने विभाग की टीम पर बंदूक से फायर भी करने की कोशिश की, लेकिन शराब के नशे में बंदूक में कारतूस डालना ही भूल गए। इससे एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पांचवें आरोपी की तलाश जारी है। यह मामला उपमंडल बंगाणा के बुधान पंचायत के नलूट का है। बंगाणा मंडल के वन विभाग अधिकारी संदीप सेठी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से आरोपी सरकारी जंगल में खैरों पर कुल्हाड़ी चला रहे थे। कई बार वन विभाग ने नाका लगाकर उनको पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी फरार हो जाते थे। रविवार रात डेढ़ बजे आठ कर्मचारियों की टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की। गौरव शर्मा पुत्र निक्का राम गांव तनोह, राजेश कुमार पुत्र पुरुषोत्तम गांव पनसाई, विजय कुमार पुत्र बाबू राम गांव पनसाई, संजीव कुमार पुत्र बंसी लाल गांव त्यासर और शीतल महारली हमीरपुर जंगल से काटकर एक ट्राला में 15 मौछे खैर के लेकर आ रहे थे।
उन्होंने विभाग की टीम को देखा तो शीतल महारली ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और मौके से फरार हो गया। एक आरोपी ने बंदूक निकालकर रेंज ऑफिसर बंगाणा एवं उनके साथ खड़े दो फॉरेस्ट गार्ड की ओर तानी। फायर करने लगा। आरोपियों को शराब के नशे में यह याद नहीं रहा कि बंदूक में कारतूस तो हैं ही नहीं। वन विभाग की टीम ने चारों आरोपियों को पकड़ा। बंदूक और दो कारतूसों को कब्जे में लेकर आगे की छानबीन शुरू कर दी है। बंगाणा थाना प्रभारी मनोज कौंडल ने बताया कि चारों वन काटुओं पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एक बंदूक और दो जिंदा कारतूस भी कब्जे में ले लिए हैं। पांचवें आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
- Advertisement -