- Advertisement -
कुल्लू। प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। सुबह से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे पर करीब 6 इंच ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं, धौलाधार सहित किन्नौर के पहाड़ों पर बर्फबारी का क्रम चल रहा है। लाहुल स्पीति व कुल्लू व मनाली की पहाड़ियों में बर्फबारी हो रही है। लाहुल घाटी के ऊंचाई वाले गांवों में भी बर्फ़बारी हुई है। रोहतांग दर्रे में हुई ताजा बर्फबारी ने यातायात को पूरी तरह से रोक दिया है। वहीं बारालाचा दर्रे में हो रही बर्फ़बारी के कारण रविवार को मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई है। प्रशासन ने गुलाबा और कोकसर में वाहन रोक दिए हैं। मौसम साफ होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही हो पाएगी। वहीं, बर्फबारी को देखकर पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्यटक दर्रे के रास्ते के खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि 15 नवंबर के बाद अधिकारिक तौर पर रोहतांग दर्रा वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया जाता है। मौसम खराब होने के चलते आवाजाही कई माह तक बंद रहती है। बता दें कि दर्रो में बर्फ़बारी होती देख जांस्कर व लेह वासियों ने शनिवार को घर की राह पकड़ ली थी। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि दोपहर बाद रोहतांग दर्रे पर अचानक मौसम खराब होने से करीब 6 इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। जिसके चलते रोहतांग दर्रा पर यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि जब तक रोहतांग दर्रा पर मौसम साफ नहीं होगा और सड़क वाहनों के चलने योग्य नहीं होगी तब तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
- Advertisement -