- Advertisement -
जवाली। दिल का दौरा पड़ने से जान गंवाने वाले जिला कांगड़ा (Kangra) के उपमंडल जवाली के तहत लुधियाड निवासी सेना के जवान (army jawan) का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार (Funeral) किया गया। सेना के जवान को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक (Heart Attack) आया था। जवान सोहन सिंह (38) पुत्र सरन दास जम्मू के पूंछ में 152-टीए में बतौर सिपाही तैनात था। ड्यूटी के दौरान सोमवार को सोहन सिंह की छाती में दर्द हुआ और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने दम तोड़ दिया। परिजनों को शाम करीबन 7 बजे इसकी जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद जवान के घर पर कोहराम मच गया। सोहन सिंह के परिवार में माता राज कुमारी, पिता सरन दास, पत्नी सुनीता देवी, बेटा मयंक (6 साल) तथा बेटी रिधिका (3 साल) है।
जवान सोहन सिंह की पार्थिव देह मंगलवार सुबह लुधियाड पहुंची। जवान के पार्थिव शरीर को देखकर माता राज कुमारी, पिता सरन दास, पत्नी सुनीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल था। बेटे मयंक चौधरी ने जवान सोहन सिंह के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। 16-पंजाब जोल कैंट से जगतार सिंह व 152-टीए के सूबेदार के नेतृत्व में जवानों की टुकड़ी ने श्मशानघाट पर जवान को सलामी (Military Honor) दी। जवाली के विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने भी जवान की पार्थिव देह पर पुष्प चढ़ाकर कर श्रद्धांजलि दी।
- Advertisement -