- Advertisement -
Gang Rape Pune: पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में एक 21 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती मुंबई की रहने वाली है और पुणे में अपनी नानी के पास कुछ दिन रहने के लिए आई हुई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। जानकारी के अनुसार मुंबई की रहने वाली 21 वर्षीय युवती नानी के पास छुट्टियां बिताने आई थी। यहां पर एक लड़के के साथ उसकी दोस्ती हो गई। दोनों अक्सर बाहर घूमने के लिए जाते रहते थे।
युवती ने बताया कि एक दिन वह युवक के साथ कार में घूमने निकली इस दौरान उस युवक ने युवती की कोल्ड ड्रिंक में बेहोशी की दवा मिलाकर उसे पिला दी फिर कार की पिछली सीट पर उसके साथ बलात्कार किया। यही नहीं आरोपी ने अपने दोस्तों को भी बुला लिया और इसके बाद वे लोग युवती को एक सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। युवती ने डर की वजह से इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। अचानक उसके पेट में दर्द होने लगा और वह बीमार हो गई।
युवती की हालत बिगड़ते देख उसकी नानी ने उसे वापस मुंबई भेज दिया। युवती अपने माता-पिता के साथ जब जांच के लिए अस्पताल गई तो वहां मामला डॉक्टरों की पकड़ में आ गया। परिजनों के पूछने पर युवती ने सारी वारदात उन्हें बताई। युवती की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने फौरन मुंबई के नेरुल पुलिस थाने जाकर गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया। मामला मुंबई से पुणे के पिंपरी पुलिस थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुणे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सौरभ शेट्टी, नफीस खान, हर्षल भाटिया, दिनेश चौधरी, गुरुजीत सिंह जस्सरऔर सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई तीन कारें भी पुलिस ने बारामद कर ली हैं। पुलिस अब एक फरार आरोपी की तलाश कर रही है। इस संबंध में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
- Advertisement -