- Advertisement -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के पूर्व उप-राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू (Girish Chandra Murmu) को शनिवार को राष्ट्रपति भवन में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) पद की शपथ दिलाई। समारोह में उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू व पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। गौरतलब है, जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल पद से इस्तीफे के एक दिन बाद मुर्मू को सीएजी नियुक्त किया गया था। मुर्मू जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर थे। अब उनकी जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर का नया लेफ्टिनेंट गवर्नर नियुक्त किया गया है।
शपथ ग्रहण से पहले, जीसी मुर्मू ने CAG ऑफिस में महात्मा गांधी और भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि सीएजी एक संवैधानिक पद है, इसीलिए उसे खाली नहीं छोड़ा जा सकता। राजीव महर्षि आज ही इस पद से रिटायर हुए हैं। वहीं, मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले गिरीश चंद्र मुर्मू (Girish Chandra Murmu) 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं। नवंबर 1959 को जन्मे मुर्मू ने पॉलिटिकल साइंस में परास्नातक के साथ एमबीए भी किया है।
पीएम मोदी ने उन्हें इसी साल एक मार्च में वित्त मंत्रालय में विशेष सचिव (राजस्व) पद से पदोन्नत कर व्यय सचिव बनाया था। दरअसल, मुर्मू को सरकारी योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि वह बहुत ही सरल और जमीनी स्तर का आईएएस अधिकारी रहे हैं। गिरीश चंद्र मुर्मू ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दिया था। मुर्मू को अक्टूबर, 2019 उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था।
- Advertisement -