- Advertisement -
स्पीति के पंगमो गांव के समीप घटी इस घटना में किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। एसडीएम काजा जीवन सिंह ने बताया कि जिला में ग्लेशियरों के गिरने का दौर जारी है और यहां पर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के बीच सुरक्षित स्थलों पर ही रहें। शुक्रवार को स्पीति में गिरे ग्लेशियर की जद में एक फॉरेस्ट गार्ड हट और एक मोनेस्ट्री भी आई है। उन्होंने बताया कि पंगमों में मौजूद मोनेस्ट्री की छत ग्लेशियर के गिरने से टूट गई है। डीएसपी काज़ा मुकेश कुमार अवस्थी ने बताया कि काज़ा से 35 किलोमीटर दूर पंगमो गाव में ग्लेशियर गिरा है।
पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना मिली तो प्रशासन की एक टीम घटना स्थल की तरफ रवाना हुई। रात होते ही जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो नुकसान का पता स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन को बताया गया, जिस स्थल पर ग्लेशियर गिरा है, वहां पर 4 छोटे वाहन पार्क किए गए थे। ग्लेशियर के मलबे में यह वाहन दब गए और एक ट्रैक्टर भी ग्लेशियर की जद में आ गया है।
- Advertisement -