-
Advertisement
सीएम सुक्खू के ससुराल क्षेत्र में बनेगा गोल्फ कोर्स, स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने की प्लानिंग
Last Updated on February 10, 2023 by Vishal Rana
रविंद्र चौधरी, देहरा। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) के ससुराल यानी देहरा के प्रागपुर में गोल्फ कोर्स (Golf course) बनाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में स्पोर्ट्स टूरिज्म (Sports Tourism) को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा शीघ्र सर्व सुविधायुक्त गोल्फ कोर्स फील्ड (खेल मैदान) का निर्माण कराया जाएगा, जहां विश्वभर के गोल्फ खिलाड़ी आकर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। इस खेल मैदान के लिए कांगड़ा जिला के देहरा में हेरिटेज विलेज प्रागपुर (Heritage Village Pragpur) को चुना गया है। स्वयं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसकी जानकारी पांच दिन पहले जब ज्वालामुखी मंदिर माथा टेकने पंहुचे थे तो दी थी। सीएम कांगड़ा जिला (Kangra District) को टूरिज्म कैपिटल बनाना चाहते हैं। इसी के चलते देहरा (Dehra) के बनखंडी में जू के बाद अब प्रागपुर को गोल्फ कोर्स बनाने के लिए चुना है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: चंबा के पांगी में आया ग्लेशियर, पेयजल व्यवस्था हुई तबाह
बता दें कि प्रागपुर के नलसूहा में सीएम के ससुराल भी हैं और इस इलाके को विकसित करने के लिए सीएम खुद भी मोर्चा संभाले हुए हैं। कांगड़ा जिला प्रशासन ने सीएम सुक्खू (CM Sukhu) के ऐलान के बाद प्रागपुर की नक्की खड्ड के साथ लगती 10.75 हेक्टेयर (27 एकड़) सरकारी जमीन चिह्नित की है। इस जमीन का सर्वेक्षण करने के लिए नालदेहरा गोल्फ कोर्स के विशेषज्ञों की टीम दौरा कर चुकी है। इसे टीम ने उचित स्थान बताया है। आगे जो भी औपचारिकताएं होंगी, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। यह जमीन सरकारी है। ऐसे में इसके डेवलपमेंट में अधिक समय नहीं लगेगा। विशेषज्ञों की टीम की निरीक्षण के बाद रिपोर्ट के आधार पर प्रपोज़ल अंतिम मंज़ूरी के लिए सरकार को भेज दिया गया है। स्वयं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसकी जानकारी दी है। वहीं कांग्रेस नेता सुनील कश्यप ने इसे मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि इससे स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
गोल्फ कोर्स से पर्यटन व्यवसाय को लगेंगे पंख
जिला कांगड़ा (Kangra) के देहरा के धरोहर गांव प्रागपुर में गोल्फ कोर्स मैदान तैयार हो जाने के बाद यहां विश्व भर के खिलाड़ी व खेल प्रेमी आएंगे, जिससे हेरिटेज विलेज गरली-प्रागपुर का पर्यटन व्यवसाय तो बढ़ेगा ही, यहां से नादौन ब्यास नदी के किनारे वाटर स्पोर्ट्स, माईग्रेटेड बर्ड वाचिंग, कलेश्वर महादेव और जवालामुखी में भी पर्यटक आसानी से पहुंचेगे, जिससे व्यवसाय बढ़ेगा। अभी जयपुर, जम्मू, कश्मीर, दिल्ली आदि में गोल्फ के लिए विश्वभर से चार्टर्ड विमान आते हैं। यहां भी आएंगे। हेरिटेज विलेज गरली-प्रागपुर टूरिज्म के नाम से एक नई पहचान मिलेगी।