- Advertisement -
नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से फैल रहा है ऐसे में हमेशा की तरब गूगल (Google) ने आज लोगों के काम का डूडल (Doodle) बनाया है। आज का डूडल ‘फादर ऑफ इन्फेक्शन कंट्रोल’ के नाम है। यह टाइटल हंगरी के डॉक्टर इग्नैज सेम्मलवीज को दिया गया है और उन्हें हाथ धोने की जरूरत के फायदे बताने वाला पहला शख्स माना जाता है। गूगल ने हाथ धोने की जरूरत पर जोर दिया है। हंगरी के फिजीशियन इग्नैज ने सबसे पहले हाथ धोने के मेडिकल बेनिफिट्स (Medical benefits) बताए थे।
20 मार्च, 1847 को सेम्मलवीज ने वियना जनरल हॉस्पिटल के मैटरनिटी क्लीनिक में साफ हाथों की जरूरत पर जोर दिया। इस क्लीनिक में उन्हें चीफ रेजिडेंट बनाया दिया था, जिसके बाद उन्होंने सभी फिजीशियंस से उनके हाथ क्लोरिनेटेड लाइम सॉलूशन की मदद से डिसइन्फेक्ट करने को कहा। इग्नैज को मैटरनिटी क्लीनिक का चीफ रेजिडेंट बनाए जाने से पहले मां बनने वाली महिलाएं बड़ी संख्या में इन्फेक्शन और डिलीवरी के बाद होने वाले बुखार के चलते जान गंवा रही थीं। इसकी वजह जानने की कोशिश में डॉक्टर इग्नैज को पता चला कि कई डॉक्टरों के हाथ पर मौजूद संक्रामक बीमारियां ढंग से हाथ न धोने की वजह से बाकियों तक पहुंच रही थीं। यही वजह थी कि मां बनने वाली महिलाओं को इन्फेक्शन हो रहा था।
मामले का पता चलने के बाद सेम्मलवीज साथी डॉक्टरों से काफी नाराज हुए और साफ-सफाई का ख्याल न रखने के लिए उन पर हत्या के आरोप लगाए। उन्हें मेंटल हॉस्पिटल में एडमिट करना पड़ा, जहां उनकी मौत हो गई। इग्नैज की मौत के बाद ही सामने आया कि हाथ धोने की जरूरत को लेकर किए गए उनके दावे सही थे। उनके काम को याद करते हुए गूगल ने डूडल शेयर किया है, जिसमें हाथ धोने का सही तरीका दिखाया गया है।
बता दें, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) की ओर से भी दुनियाभर में लोगों से बार-बार सही ढंग से हाथ धोते रहने को कहा जा रहा है। इसकी वजह हाल ही में तेजी से फैला कोरोना वायरस भी है। साफ-सफाई को इस संक्रमण से बचे रहने का सबसे कारगर तरीका बताया गया है।
- Advertisement -