- Advertisement -
शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2019 (International Shimla Summer Festival -2019) का विधिवत शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत (Governor Acharya Devvrat) 3 जून को करेंगे। यह जानकारी आज यहां डीसी शिमला एवं अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के अध्यक्ष अमित कश्यप ने दी। अमित कश्यप ने कहा कि आचार्य देवव्रत 3 जून को सांय 8 बजे अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की सभी सांस्कृतिक संध्याएं सांय 4 बजे से आरंभ होगी। 3, 4 तथा 5 जून की सांस्कृतिक संध्याएं (Cultural evening) रात्रि 10 बजे समाप्त होंगी। 6 जून, 2019 की सांस्कृतिक संध्या मध्य रात्रि 12 बजे समाप्त होगी।
अमित कश्यप ने कहा कि 3 जून को सांय 4 बजे से 5 बजे के मध्य शिमला के विभिन्न स्कूल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। ताराहॉल स्कूल द्वारा पंजाबी नृत्य, मोनाल पब्लिक स्कूल द्वारा राजस्थानी नृत्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खलीनी द्वारा नाटी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर द्वारा डोगरी नृत्य तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टुटीकंडी द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांय 5 से 6 बजे के मध्य भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा राज्य स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, इसमें शिमला, हमीरपुर तथा ऊना (Una) जिलों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी।
अमित कश्यप ने कहा कि सांय 6 बजे से 8 बजे के मध्य हिमाचल के स्थानीय कलाकार (Local artists of Himachal) प्रस्तुति देंगे। इनमें किशोर कुमार, गोपाल चंदेल, गुंजन ठाकुर, रमेश चंद, सोना लक्ष्मी, आनंद कुमार, चिराग मट्टू एवं रंजना, कुशल धवल, हितेश शर्मा, क्रिसेंशन म्यूजिकल ग्रुप, मनीश राय, रोशनी शर्मा, प्रवेश निहाल्टा, मनीश कुमार तथा मीनाक्षी देवी द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष ने कहा कि उत्सव की प्रथम संध्या में इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर, अनुज शर्मा तथा पार्शव गायिका डॉ. ममता जोशी मुख्य आकर्षण रहेंगी।
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव में आमजन की सुविधा के लिए अगले तीन दिन तक परिवहन निगम शहर में विशेष बसें चलाएगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ग्रीष्मोत्सव के दौरान 3 से 6 जून तक कार्टरोड़ शिमला पर मुद्रिका बस सेवा चलाई जाएगी। यह सेवा कार्यक्रम समाप्त होने तक जारी रहेगी। इसके अलावा इस अवधि में पथ परिवहन निगम की विशेष बस (Special bus) सेवा पंथाघाटी, मैहली मार्ग तथा ढली मार्ग पर चलाई जाएंगी।
साथ ही पुराना बस अड्डा से छोटा शिमला, संजौली, आईजीएमसी, लक्कड़-बाजार, विक्ट्री टनल एवं पुराना बस अड्डा मार्ग पर बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुराना बस अड्डा से हिमलैंड, टॉलैंड, खलीनी, बीसीएस, विकासनगर, पंथाघाटी होते हुए मैहली मार्ग पर भी बस सेवा उपलब्ध रहेगी। सामान्य तौर पर रात्रि 8 बजे तक चलने वाली पथ परिवहन निगम की बस सेवा को रात्रि 10 बजे तक चलाया जाएगा। 6 जून को यह बस सेवाएं रात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
- Advertisement -