- Advertisement -
कांगड़ा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में उपचाराधीन वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान को चलाने और इससे संबंधित होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में योग गतिविधियों को बढ़ाने के भी निर्देश दिए। इससे पूर्व, राज्यपाल ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर रोगियों से बातचीत की।
राज्यपाल ने प्रसन्नता जताई कि देश के 600 चिकित्सा संस्थानों में यह संस्थान 31वें स्थान पर है, जो उत्तर भारत में प्रथम स्थान पर है। आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि इस संस्थान में कर्मचारियों एवं अधोसंरचना की कमी के बावजूद भी चिकित्सक और गैर चिकित्सक कर्मचारी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रहे हैं, जोकि अत्यन्त सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अनुभव किया है कि प्रदेश के लोग सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने में अधिक विश्वास रखते हैं, जो यहां के डॉक्टरों की सेवा तथा मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इस दौरान डाक्टरों ने राज्यपाल को अपनी समस्याओं और मांगों के बारे अवगत करवाया। मेडिकल कॉलेज टांडा के प्रधानाचार्य डॉ. भानू अवस्थी ने राज्यपाल को इस संस्थान की अधोसंरचना तथा चल रही विकासात्मक परियोजना की स्थिति से अवगत कराया।
- Advertisement -