-
Advertisement
Kullu में संपत्ति के चक्कर में पोते ने दादा का किया मर्डर, गिरफ्तार
कुल्लू। जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के तहत आते खोई गांव में एक व्यक्ति की संपत्ति के चक्कर में हत्या कर दी गई है। व्यक्ति की पहचान निक्का राम निवासी खोई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि व्यक्ति निक्का राम को घायलावस्था में अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने निक्का राम के बेटे राम दास की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपी निक्का राम का पोता है। राम दास ने पुलिस को बताया कि त्यागराज ने संपत्ति को अपने नाम करने के चक्कर में अपने दादा की हत्या की है। पुलिस को दिए बयान में राम दास ने बताया है कि उसके भाई सोहन लाल के बेटे त्याग राज 14 अप्रैल की शाम को अपने दादा के घर पर था और रात को नशा किया उसके बाद दादा पर हमला कर दिया। दादा हमले में घायल हो गया। राम दास ने पुलिस को यह भी बताया कि त्यागराज ने उसके बाद घर जाकर अपनी मां से भी मारपीट की है। लिहाजा, पुलिस ने त्यागराज के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

