- Advertisement -
कांगड़ा। नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ (NPSEA) ने पुरानी पेंशन बहाली के साथ ही एक और अनोखी पहल की है। एसोसिएशन ने ऐसे रिटायर कर्मचारियों को ग्रेच्युटी दिलवाने का बीड़ा उठाया है, जिसके बारे में कर्मचारियों को पूरी जानकारी ही नहीं है। कांगड़ा (Kangra) जिला प्रधान राजिन्दर मन्हास ने बताया कि कांट्रैक्ट/डेली वेज (Daily Wage) सेवा को भी ग्रेच्युटी के लिए जोड़ा जाता है, जिसकी एक अलग ग्रेच्युटी (Gratuity) बनती है, जिसे डेली वेज ग्रेच्युटी भी कहा जाता रहा है। इसका कई कर्मचारियों को पता ही नहीं है। इस विषय में ग्रेच्युटी के केस लड़ रहे अधिवक्ता रजत चौधरी का कहना है कि 5 साल सेवा पर ग्रेच्युटी हर कर्मचारी को देय है। चाहे वे व्यक्ति कॉन्ट्रैक्ट (Contract) कर्मचारी हो या पार्ट टाइम कर्मचारी हो या डेली वेज हो। ग्रेच्युटी का अधिकार हर 5 साल या उससे अधिक तक कार्य करने वाले व्यक्ति को है। उनके पास ऐसे 30 केस पहले से हैं, जिन कर्मचारियों को यह लाभ मिलना है।
उन्होंने कहा कि अब तक सैकड़ों सेवानिवृत्त कर्मचारियों (Retired Employees) को ग्रेच्युटी का लाभ उन्होंने दिलवाया है। इसमें यह मैटर नहीं करता कि सेवा रेगुलर रही हो या नहीं। इसमें डेली वेज सेवा और कॉन्ट्रैक्ट पीरियड व पार्ट टाइम सेवा को भी काउंट किया जाता है और जितने साल की सेवा कर्मचारी की रही हो, उसका आधा जो बनता है तथा उसका अंतिम प्राप्त किया गया वेतन आदि को काउंट कर उपादान का लाभ कर्मचारी को मिलता है ।जिला प्रधान राजिन्दर मन्हास ने कहा कि जल्द कांगड़ा में ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की एक बैठक बुलाई जाएगी और उनकी डिटेल ली जाएगी। जरूरी हुआ तो लेबर कोर्ट (Court) में केस भी किया जाएगा।
- Advertisement -