-
Advertisement

India का दूल्हा-Nepal की दुल्हन: 15 मिनट के लिए खुला बॉर्डर, 10 मिनट में हो गई शादी
पिथौरागढ़। भारत-नेपाल (India-Nepal) के बीच जारी नक्शा विवाद के बावजूद दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी वालों संबंधों को जरा भी आंच नहीं आई है। इसी रिश्ते की लाज रखते हुए मंगलवार को धारचूला का अंतरराष्ट्रीय झूला पुल 15 मिनट के लिए खोला गया। इस दौरान कपल की शादी की रस्में 10 मिनट के अंदर एक मंदिर में निपटाई गईं और भारतीय दूल्हा नेपाल की बेटी को अपनी दुल्हन बनाकर सीमा पार ले आया। यह शादी हुई उत्तराखंड (Uttrakhand) के पिथौरागढ़ निवासी कमलेश और नेपाल (Nepal) के दार्चुला की राधिका की। दोनों की शादी पहले 22 मार्च को होनी थी, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से यह विवाह टल गया। लॉकडाउन के बाद दोनों के परिवारों ने बाद में शादी कराने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें: Una में 13 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत, सुजानपुर में युवक ने किया Suicide
बतौर रिपोर्ट्स मंगलवार को पिथौरागढ़ के जीबी कोट जाजरदेवल निवासी दूल्हे कमलेश चंद शादी के लिए अकेले ही नेपाल गए थे। इस शादी को इंडो नेपाल बॉर्डर पर प्रशासन का सहयोग मिला। 15 मिनट के लिए युवक, युवक के पिता और 2 अन्य रिश्तेदारों को दुलहन लाने की आज्ञा दे दी गई। इस दौरान परिवार वालों ने दोनों की शादी 10 मिनट में ही करा दी। विवाह की शेष रस्म दूल्हे के घर पर पूरी होंगी। इसके बाद जब वे दोनों नेपाल के दार्चुला से भारत आने के लिए लौटने लगे तो जवानों ने तुरंत दूल्हा-दुल्हन के लिए झूला पुल के गेट खोल दिए। दूल्हा-दुल्हन ने दोनों देशों के स्थानीय प्रशासन का आभार प्रकट किया। जीवी गांव धारचूला से करीब 84 किमी और पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से छह किमी की दूरी पर है। दूल्हे कमलेश चंद ने खुशी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी, एसडीएम धारचूला और एसएसबी के अधिकारियों और नेपाल प्रशासन का आभार प्रकट किया। इस दौरान कमलेश ने कहा कि पुल खुलने के कारण ही उनकी शादी हो पाई है। पुल खुलने के दौरान 50 से अधिक भारतीय लोगों ने नेपाली रिश्तेदारों को राशन भी पहुंचाया है। इस दौरान 11वीं वाहिनी एसएसबी के इंसपेक्टर दीपक चंद के नेतृत्व में जवानों ने दोनों और से आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग की।